हरियाली की पहचान छत्रपति शिवाजी वार्ड जगदलपुर

हरियाली की पहचान छत्रपति शिवाजी वार्ड जगदलपुर

       
छत्तीसगढ़ ( बस्तर-जगदलपुर ) ओम प्रकाश सिंह । मन में अगर कुछ निश्चय हो तो सब कुछ संभव हो जाता है। इस बात को चरितार्थ कर रहे हैं छत्रपति शिवाजी वार्ड जगदलपुर के वार्ड वासी। सकारात्मक दिशा में कार्य करने वालों ने अपने वार्ड का एक समूह बनाया है जिसमें यह लोग मिलकर बैठक करते हैं और व्हाट्सएप समूह के द्वारा जुड़कर संवाद करते हैं।




इसकी शुरुआत सन 2020 में हुई थी जब जगदलपुर निगम प्रशासन में जगदलपुर शहर में स्वच्छता अभियान चलाया था। जिसमें निगम आयुक्त प्रेम कुमार पटेल ने पूरे शहर के लोगों को स्वच्छता के लिए प्रेरित किया और सभी लोगों ने "20 कदम स्वच्छता की ओर" नारा के साथ अपने घर, दुकान, कार्यालय के आसपास स्वच्छता के कार्य में जुट गए। इससे जगदलपुर शहर के बहुत सारे लोग जुड़ते गए। इस स्वच्छता के कार्य में छत्रपति शिवाजी वार्ड के लोगों ने "20 कदम स्वच्छता की ओर" कार्यक्रम को हाथों-हाथ लेकर शहर में सर्वश्रेष्ठ वार्ड के रूप में अपनी पहचान बनाई। जिसकी सराहना सभी चुने हुए प्रतिनिधियों ,महापौर ,समस्त पार्षद गण और शहरवासियों ने की।



गत वर्ष 2020 में कोविड-19 संक्रमण बढ़ने के कारण इस स्वच्छता अभियान को बड़े पैमाने पर करने से रोकना पड़ा। छत्रपति शिवाजी वार्ड के लोगों ने इस वर्ष कुछ नया करने का विचार किया।विषय था वृक्षारोपण। इसकी शुरुआत जून 2021 से बैठक कर प्रारंभ किया गया। सभी ने एकमत से मिलजुल कर वृक्षारोपण के कार्य को करने का निश्चय किया। इसमें होने वाले व्यय के लिए स्वयं आगे आकर तन, मन और धन से समर्पित भाव से कार्य करने का सोचा। जिसकी शुरुआत पहली बारिश से ही 5 जुलाई 2021 से करने का निर्णय लिया गया। सूत्र वाक्य था।




  
"हम 50 पौधों की रक्षा कर सकते हैं तो 51पौधे नहीं लगाएंगे"

इसी भाव से कार्य प्रारंभ किया गया।शहर के पर्यावरण के क्षेत्र में कार्य करने वाला एक अन्य समूह, इंद्रावती बचाओ अभियान,के सदस्यों ने संपत झा और दशरथ कश्यप के नेतृत्व में 40 ट्री गार्ड और पौधे उपलब्ध करवाया। वार्ड के न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी अघनपुर के कॉलोनी वासियों ने अपने कॉलोनी में कुछ वर्ष पूर्व से ही लगे हुए ट्री गार्ड को कटवा कर पुनः वेल्डिंग करवाया और उपयोगी बनाया। कार्य की सफलता और उत्साह को देखते हुए निगम प्रशासन जगदलपुर ने भी 40 ट्री गार्ड और पौधे दिए।




इस प्रकार यह कार्य अब तक अनवरत जारी है। आज की स्थिति में इस वार्ड में 239 पौधे ट्री गार्ड के साथ लगाए जा चुके हैं। पौधे लगाने के पहले पर्याप्त गड्ढे किए जाते हैं। दीमक न लगे इसलिए दवाई डाली जाती है। वर्मी कंपोस्ट डाला जाता है ।पौधे लगाने के बाद सभी पौधों में ट्री गार्ड भी लगाया जाता है। छत्रपति शिवाजी वार्ड जगदलपुर शहर के सबसे बड़े वार्ड में से एक वार्ड है। इसके सभी क्षेत्रों के तेतरकुटी , पटेल पारा, न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी अघनपुर,सिंधु कॉलोनी, साईं लेआउट कालोनी, के क्षेत्र में 239 पौधे लगाए जा चुके हैं।
इस कार्य में वार्ड की पार्षद सुषमा कश्यप के साथ साथ प्रमुख पर्यावरण प्रेमी विधु शेखर झा, योगेश शुक्ला, लखन लाल साहू, कुमारी विभा दरियो, सौमित ठाकुर ,विक्की गुप्ता,दशरथ कश्यप,रूप सिंह शंकर लाल गुप्ता, मनमोहन सिंह आदि के साथ साथ समूह के 110 लोग, निगम का अमला एवं वार्ड वासी सतत भाव से कार्य कर रहे हैं। समस्त वार्डवासी असंभव से लगने वाले लक्ष्य को हंसते-हंसते लेकर आगे बढ़ रहे हैं और एक मिसाल स्थापित कर रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments