कलेक्टर ने ओरछा मुख्यालय में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का लिया जायजा, कार्य की धीमी गति पर जतायी नाराजगी

कलेक्टर ने ओरछा मुख्यालय में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का लिया जायजा, कार्य की धीमी गति पर जतायी नाराजगी



निर्माण कार्य तेजी से पूरा करे, सबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी करने के दिये निर्देश

कलेक्टर ने किया ओरछा के गौठान का निरीक्षण

बाजार को व्यवस्थित लगाने शेड कार्य को जल्द से जल्द पूर्ण करें- कलेक्टर ऋतुराज रघुवंशी

ओरछा के खेल मैदान का होगा उन्नयन

छत्तीसगढ़ ( नारायणपुर ) ओम प्रकाश सिंह ।  कलेक्टर ऋतुराज रघुवंशी ने नारायणपुर जिले के विकासखंड ओरछा मुख्यालय में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। कलेक्टर आज सवेरे विकासखंड ओरछा पहुंचे, जहां उन्होंने नवनिर्मित छात्रावास भवन, तहसील कार्यालय, जी.ए.डी. कॉलोनी आदि के निर्माण कार्यों का अवलोकन किया। निर्माण में उपयोग की जाने वाली सामग्रियों की गुणवत्ता भी देखी। उन्होंने निर्माण कार्याे की धीमी गति पर नाराजगी जताई और सम्बन्धित अधिकारियों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्य में लगे श्रमिकों की संख्या में भी वृद्वि करने कहा ताकि निर्माण कार्याे को तेजी से पूरा कर सकें।




कलेक्टर रघुवंशी ने ओरछा के तहसील कार्यालय पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने ओरछा मुख्यालय में लगने वाले सभी कार्यालय में कर्मचारियों के उपस्थिति के बारे में भी पूछा। कलेक्टर ने तहसीलदार को निर्देशित किया कि ओरछा में लगने वाले सभी कार्यालयों के अधिकारी-कर्मचारी  मुख्यालय में ही रहकर काम-काज करें, इसकी मॉनिटरिंग तहसीलदार नियमित रूप से करना सुनिश्चित करें।

कलेक्टर ने किया ओरछा के गौठान का निरीक्षण

महिला समूह को मुर्गीपालन से जोड़े

कलेक्टर ऋतुराज रघुवंशी ने ओरछा विकासखण्ड के ओरछा के गौठान का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान कलेक्टर ने गौठान में चल रहे गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने स्व सहायता समूह की महिलाओं को रोजगारमूलक योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने समूह की महिलाओं को विभिन्न गतिविधियों खाद निर्माण, मुर्गीपालन तथा अन्य कार्याे से जोड़ने के निर्देश दिए।



बाजार को व्यवस्थित लगाने शेड कार्य को जल्द से जल्द पूर्ण करें- कलेक्टर ऋतुराज

कलेक्टर ऋतुराज रघुवंशी ने ओरछा ब्लॉक मुख्यालय में लगने वाले साप्ताहिक बाजार को व्यवस्थित करने के निर्देश अपने प्रवास के दौरान दिए थे। ओरछा में लगने वाले बाजार में दूर-दराज से ग्रामीण आते हैं। बरसात एवं धूप से बचने बाजार में शेड निर्माण कार्य करने के निर्देश कलेक्टर ने दिए थे। उन्होंने आज निरीक्षण के दौरान शेड निर्माण कार्य का जायजा लिया और शेड कार्य को जल्द से जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए।



ओरछा के खेल मैदान का होगा उन्नयन

कलेक्टर रघुवंशी ने आज अपने ओरछा प्रवास के दौरान ओरछा मुख्यालय में बने खेल मैदान का निरीक्षण किया और खेल मैदान का तत्काल उन्नयन करने के निर्देश दिए। इस मैदान में फुटबॉल मैदान और रात्रि में खेलने के लिए फ्लड लाइट लगाया जाएगा। ग्रामीणों एवं युवाओं की मांग पर ओरछा में एक लाइब्रेरी तथा बैडमिंटन कोर्ट बनाने के निर्देश दिए।






Post a Comment

0 Comments