छत्तीसगढ़ : दंतेवाड़ा जोन स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी व पश्चिम भारत विज्ञान मेला 2024-25 भव्यता से संपन्न हुआ।

छत्तीसगढ़ : दंतेवाड़ा जोन स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी व पश्चिम भारत विज्ञान मेला 2024-25 भव्यता से संपन्न हुआ।



अंबिकापुर में 15 से 18 अक्टूबर 2024 तक होने वाला राज्य स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी के लिए 18 बच्चें व 3 शिक्षक-शिक्षिकाओं का हुआ चयन।

जोन स्तरीय विजताओं को शील्ड एवं प्रमाण पत्र से सम्मानित किया गया।

छत्तीसगढ़ ( दंतेवाड़ा ) ओम प्रकाश सिंह। शैक्षणिक संस्थानों के बच्चों एवं शिक्षकों में नवाचार सोच एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण उत्पन्न करने के उद्देश्य से वर्ष 2024-25 के लिए राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद रायपुर के सहयोग से जिला प्रशासन एवं स्कूल शिक्षा विभाग दंतेवाड़ा के द्वारा 8 अक्टूबर को स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय दंतेवाड़ा में "सतत भविष्य के लिए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी" विषय पर जोन स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी एवं पश्चिम भारत विज्ञान मेला का आयोजन किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी एस के अंबस्ता के पर्यवेक्षण एवं मार्गदर्शन में कार्यक्रम भव्य रूप में संपन्न हुआ। 



कार्यक्रम आयोजक जोन प्रभारी प्राचार्य बीबी चक्रवर्ती ने अपने उद्बोधन में एससीईआरटी द्वारा संचालित जोन स्तरीय (दंतेवाड़ा, बीजापुर एवं सुकमा जिले) कार्यक्रम के उद्देश्य एवं विशेषता पर प्रकाश डाला। स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट इंग्लिश मीडियम विद्यालय कुआकोंडा के बच्चों के दल ने नाटिका के माध्यम से समाज में कृत्रिम बुद्धिमता का संदेश देकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। पश्चिम भारत विज्ञान मेला में आस्था विद्या मंदिर जावंगा गीदम के नितेश माड़वी ने कृत्रिम बुद्धिमता व आपदा प्रबंधन पर व्यक्तिगत प्रोजेक्ट प्रस्तुत कर प्रथम स्थान प्राप्त किया एवं समूह प्रोजेक्ट में सेजेस दंतेवाड़ा के सूरज ठाकुर व ओम प्रकाश ठाकुर एवं शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बड़े गुडरा के विनोद व विमलेश चयनित हुए। विज्ञान प्रश्नोत्तरी में सेजेस दंतेवाड़ा की चंद्रप्रभा नागवंशी व शिवानी राठौर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 



बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय चीतालंका की हनी साहू, शासकीय माध्यमिक शाला पटेलपारा गीदम की शिवबती, सेजेस दंतेवाड़ा के प्रथम भंसाली राज्य स्तर हेतु चयनित हुए। शिक्षकों के सहायक शैक्षणिक सामाग्री विधा में आस्था विद्या मंदिर जावंगा गीदम के व्याख्याता अमुजुरी विश्वनाथ ने गणितिय 2 डी व 3 डी मॉडल टीएलएम प्रस्तुत कर प्रथम स्थान प्राप्त किया तथा शाहिना परवीन व्याख्याता जीव विज्ञान सेजेस कुआकोंडा ने द्वितीय स्थान एवं कंचन सिंह व्याख्याता भौतिक विज्ञान सेजेस कारली गीदम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विज्ञान विशेषज्ञों प्राचार्य जीआर नाग, वरिष्ठ व्याख्याता टी विजयलक्ष्मी एवं दिनेश कुमार गवेल ने निर्णायक की भूमिका निभा कर निष्पक्षता से परिणाम घोषित किया। 



सरगुजा संभाग के अंबिकापुर में होने वाले राज्य स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी एवं पश्चिम भारत विज्ञान मेला के लिए दंतेवाड़ा जोन के प्रतिभावान विद्यार्थी एवं शिक्षक - शिक्षिकाएँ राज्य स्तर हेतु चयनित हुए। तीनों निर्णायकों ने राज्य स्तर हेतु चयनित  प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया। वरिष्ठ व्याख्याता पुष्पलता बघेल ने विज्ञान प्रदर्शनी प्रतियोगिता का नियमावली, चयनित प्रक्रिया तथा पंजीकरण प्रक्रिया संबंध में विस्तृत रूप से जानकारी दी। 



इस कार्यक्रम में व्याख्याता अरुण ठाकुर, शीतल गुप्ता, सुमन जॉर्ज, अनामिका प्रसाद, तुषार लोनिया, खिलेंद्र रामटेके, हेमंत उइके, संतराम देवांगन, विक्रांत खांडेकर एवं अन्य शिक्षक शिक्षिका मौजूद थे। अतिथियों, अधिकारियों तथा निर्णायकों ने बच्चों को प्रोत्साहित कर राज्य स्तरीय विज्ञान प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर दंतेवाड़ा जोन का नाम रोशन करने हेतु प्रेरित किया व शुभकामनाएँ प्रेषित किए।

Post a Comment

0 Comments